बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत शेखपुरा के सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती अपने कर्तव्य से आगे बढ़कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। वे न केवल गांव-गांव जाकर लोगों को साफ-सफाई और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रहे हैं, बल्कि प्लास्टिक कचरे से पंचायत और ग्रामीणों को आर्थिक लाभ भी पहुँचा रहे हैं।
सूरज हर शनिवार को घर-घर से सिंगल यूज प्लास्टिक का कचरा एकत्र करते हैं। उसके बाद उसकी छंटाई की जाती है और बिक्री योग्य प्लास्टिक को बेचकर ग्रामीणों को नया प्लास्टिक, मग और अन्य कूड़ा उठाने का पात्र आदि दिया जाता है। जब तक RRC सेंटर पूरी तरह चालू नहीं हो जाता, तब तक सिंगल यूज पॉलीथिन पंचायत भवन के स्टोर रूम में रखी जाती है।
करीब डेढ़ महीने से लगातार इस काम को कर रहे सूरज अब तक शेखपुरा के 25 घरों में साबुन, नहाने और हाथ धोने का सामग्री, सहित स्वच्छता से जुड़े अन्य छोटे उपयोगी सामान भी वितरित कर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल न केवल गाँव को स्वच्छ बना रही है बल्कि उनके घरों में भी जागरूकता ला रही है।
सूरज का कहना है, “सफाई केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है, यह हर व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि हम प्लास्टिक को सही तरह से अलग करके दें तो उससे गाँव का माहौल भी सुधरेगा और पंचायत कोष भी मजबूत होगा।”
प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ ने सूरज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह स्वच्छ भारत मिशन की असली तस्वीर है। यदि हर गाँव में ऐसा प्रयास हो तो न केवल गंदगी घटेगी बल्कि गाँवों की तस्वीर बदल जाएगी।
Tags
बस्ती