बस्ती महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज में थोड़ी सी बारिश से जलभराव, आवागमन बाधित


बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज कैली की लापरवाह व्यवस्था एक बार फिर उजागर हो गई है। थोड़ी सी बारिश में ही कॉलेज परिसर और पार्किंग स्थल में पानी भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग और पार्किंग एरिया पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में डूबे नजर आए।

अस्पताल आने वाले मरीजों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा। फिसलन भरी जमीन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोग और तीमारदार नाराज दिखे।

कुंवर चंद ने कहा, “थोड़ी सी बारिश में ही मेडिकल कॉलेज तालाब बन जाता है। यहां मरीजों और परिजनों की कोई सुध लेने वाला नहीं है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हर बार यही हालात होते हैं।”

मुनिलाल का कहना है, “पार्किंग में खड़ी गाड़ियां पानी में डूब गई हैं। गंदे पानी से संक्रमण फैलने का खतरा है। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।”

वहीं रोशन ने सवाल उठाया, “जब कुछ देर की बारिश में ये हाल है तो तेज बारिश में क्या होगा? यह मेडिकल कॉलेज है या तालाब? यह बड़ी लापरवाही है।”

लोगों ने जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से तत्काल नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में मरीजों को और ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
Previous Post Next Post