हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ कार्यक्रम के कनैला खुर्द में चलाया गया सफाई अभियान


कलवारी, बस्ती: विकासखंड कलवारी के कनैला खुर्द गांव में सोमवार सुबह 9 बजे मुख्य मार्ग पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की मौजूदगी में पंचायत कर्मी दिनेश कुमार और सूरज चक्रवर्ती के साथ स्थानीय ग्रामीण रंजीत, दशरथ, नीरज, करण, अर्पित, महेश आदि ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर कनैला मुख्य मार्ग किनारे और आस-पास फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर निस्तारित किया। इस दौरान ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने और गंदगी फैलने से रोकने की अपील भी की गई।

यह कार्यक्रम शनिवार को पंचायती राज निदेशालय, लखनऊ में उपनिदेशक (पं) एवं नोडल अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) उत्तर प्रदेश, श्री राघवेंद्र कुमार द्विवेदी द्वारा औपचारिक रूप से शुरू किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता और सुजल (शुद्ध जल) युक्त गांव बनाने का संकल्प लिया था।

अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ स्वच्छता को प्राथमिकता देने और सामुदायिक सहयोग से गांव को गंदगी मुक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। पंचायत स्तर पर इस अभियान के सफल संचालन के लिए सफाई कर्मियों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों को सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी ने कहा कि आगामी दिनों में शेखपुरा गांव में भी ग्रामीणों के सहयोग से ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान चलाया जाएगा। इसमें पंचायत कर्मियों की भी मदद ली जाएगी।
Previous Post Next Post