बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड के शेखपुरा गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आगामी 2 अक्टूबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारी को लेकर ग्रामीणों ने रविवार से घर-घर जाकर सहयोग मांगा और सभी को आमंत्रित किया।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल इस मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस बार भी मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की सेवा की जाएगी।
आस पास के गांव में भी दीपक कुमार, अभिषेक यादव, बबलू पंडित, अनूप पाण्डेय, रितेश यादव सहित तमाम युवा और बुजुर्ग मिलकर भंडारे की तैयारी में जुटे हैं। सभी का कहना है कि यह आयोजन गांव की एकजुटता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है।
ग्रामीणों ने बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना के बाद भंडारे की शुरुआत होगी। उन्होंने आसपास के गांवों के लोगों से भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने का आह्वान किया है।