कुसौरा में स्थित एसबीआई पोखरनी शाखा में ग्राहक से दुर्व्यवहार, मैनेजर ने दी सफाई


बस्ती जिले के कुसौरा बाजार में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पोखरनी शाखा में एक ग्राहक का खाता फ्रीज किए जाने और शाखा प्रबंधन द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है।

ग्राहक शाह मोहम्मद, ग्राम टेमा, पोस्ट देवापार निवासी ने बैंक प्रबंधक को पत्र लिखकर खाता फ्रीज हटाने की मांग की। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही आधार, पैन और अन्य सभी KYC दस्तावेज जमा कर दिए हैं, फिर भी उनका खाता बिना किसी पूर्व सूचना के फ्रीज कर दिया गया, जिससे वित्तीय लेन-देन में कठिनाइयां आ रही हैं।

शाह मोहम्मद का आरोप है कि जब वे इस विषय में शाखा प्रबंधक से मिलने गए, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। बैंक में मौजूद गार्ड ने उन्हें बाहर धकेल दिया।

ग्राहक का कहना है कि वे छोटे स्तर पर लेन-देन करते हैं और बचत खाते के जरिए ही काम चलाते हैं। ऐसे में खाता फ्रीज कर देना और बार-बार दौड़ाना उन्हें भारी पड़ रहा है।

ग्रामीणों और उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंक को ग्राहक की समस्याओं को सहजता से सुनना चाहिए, न कि उन्हें अपमानित करना चाहिए। 

वहीं शाखा प्रबंधन ने सफाई देते हुए कहा कि “बैंक में किसी के साथ अभद्रता नहीं होती है, लेकिन यदि आप बार-बार कई ट्रांजैक्शन करते हैं तो इसके लिए आपको करेंट अकाउंट खोलना पड़ेगा।बचत खाते से बिज़नेस नहीं चला सकते।"

ग्राहकों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि शाखा में ग्राहकों से सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और खाता फ्रीज जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला जाए।
Previous Post Next Post