रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुण्डेरवा मिल से संबद्ध करने की मांग, ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी ने गन्ना आयुक्त को भेजा पत्र


बस्ती जनपद के गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी ने बड़ा कदम उठाया है। संगठन ने रविवार को गन्ना आयुक्त उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर मांग की कि बहादुरपुर क्षेत्र के गन्ना किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुण्डेरवा चीनी मिल से संबद्ध किया जाए।

सोसाइटी के प्रबंधक दीपक कुमार की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि रुधौली मिल से जुड़े किसानों को लगातार गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इनमें गन्ना मूल्य का समय से भुगतान न होना, तौल केंद्रों पर पारदर्शिता और ईमानदारी का अभाव, भ्रष्टाचार एवं बिचौलियों का हस्तक्षेप और किसानों की समस्याओं की अनदेखी प्रमुख हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि मिल प्रबंधन का रवैया अक्सर उपेक्षापूर्ण और दुर्व्यवहारपूर्ण रहता है।

गन्ना आयुक्त को भेजा गया पत्र


संगठन के क्षेत्रीय गन्ना किसान प्रतिनिधि राम कृष्ण पटेल ने बताया कि किसानों के साथ हुई बैठकों में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि आगामी पेराई सत्र से किसान अपना गन्ना मुण्डेरवा मिल को ही देना चाहते हैं। इसके लिए किसानों ने हस्ताक्षरयुक्त सहमति पत्र और आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध करा दिए हैं।

ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी ने गन्ना आयुक्त से आग्रह किया है कि किसानों और समाज के सामूहिक निर्णय का सम्मान करते हुए शीघ्र आदेश जारी किए जाएँ।
Previous Post Next Post