बहादुरपुर क्षेत्र में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, ग्राहकों से वसूले जा रहे अधिक दाम

सरला गैस एजेंसी 

By दिलीप कुमार 

बस्ती जिले के बहादुरपुर क्षेत्र में ग्रामीणों को उज्ज्वला योजना के तहत मिले LPG कनेक्शन का लाभ सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण वितरक ग्राहकों से रिफिल के समय सिलेंडर की डिलीवरी पर मूल्य से अधिक रुपये वसूल रहे हैं। होम डिलीवरी भी तभी होती है जब ग्राहक अतिरिक्त रकम देने को तैयार हों।

ग्रामीणों का आरोप है कि भारत गैस की सरला गैस एजेंसी कलवारी, इंदु विजय HP गैस ग्रामीण वितरक नगर बाज़ार और इंडेन गैस एजेंसी रानीपुर लाद सहित कई एजेंसियां इस कालाबाजारी में शामिल हैं।

शेखपुरा निवासी अंकित ने बताया कि उन्होंने अपनी मां अधिकारी देवी के नाम पर कई बार IVRS से बुकिंग की, लेकिन आज तक एक भी बार उन्हें होम डिलीवरी नहीं मिली। हर बार डिलीवरी का मैसेज तो आता है, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलता। इसके लिए ब्लैक विक्रेताओं से 50 रुपये तक अतिरिक्त देकर सिलेंडर रिफिल लेना पड़ता है।

इसी तरह विजय शंकर आधिकारिक गैस कनेक्शन धारक हैं बावजूद इसके उन्हें हर मजबूरन अधिक दाम पर प्राइवेट ठेकेदारों से सिलेंडर खरीदना पड़ता है। उन्होंने बताया कि हमने सोमवार को ही सिलेंडर बुकिंग की लेकिन अब तक कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला।

ग्राहक जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि कलवारी स्थित सरला गैस एजेंसी से जब उन्होंने समय पर सिलेंडर न मिलने और अतिरिक्त वसूली की शिकायत की, तो न सिर्फ उनके साथ अभद्रता की गई बल्कि आगे से सिलेंडर न देने की धमकी भी दी गई।

भारत गैस ग्राहक जयप्रकाश 


बेलवाडाड़ निवासी शंकर ने बताया कि इंडेन कनेक्शन होने के बावजूद उन्हें कभी घर पर डिलीवरी नहीं मिली। उन्हें हमेशा 35-40 रुपये अधिक देकर ही बाहर से सिलेंडर खरीदना पड़ता है।

गन्ना किसान प्रतिनिधि राम कृष्ण पटेल ने भी कहा कि उनकी रिफिल डिलीवरी को लेकर कई बार डिलीवरी बॉय से नोकझोंक हुई। एजेंसी मालिकों से शिकायत करने पर एक बार तो सिलेंडर मिल गया, लेकिन अगली बार वही समस्या दोहराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि “ये सभी मिलकर कालाबाजारी का धंधा कर रहे हैं और प्रशासन चुप्पी साधे बैठा है।”

सोनी पाण्डेय, बबीता चौधरी, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों पर कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित मूल्य पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी दी जाए।

इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी बस्ती विमल कुमार शुक्ला ने अधीनस्थ अधिकारियों से इसकी जांच कराने और आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही है।

प्रभाकर

Journalist, activist, and PhD scholar with a passion for social change and environmental advocacy. Founder of Tree Initiatives. Byline contributions at Dainik Bhaskar and IMTV India. Former researcher at India News. Alumnus of IIMC and the University of Delhi.

Previous Post Next Post