धनौवा चौराहे (पाऊँ) -दोफड़ा मार्ग पर झाड़ियों का कब्जा, राहगीरों को जान जोखिम में डालकर करना पड़ रहा आवागमन


बस्ती जिले में दोफड़ा ग्राम पंचायत की यहां से पक्की सड़क शुरू होती है और धनौवा चौराहे (पाऊँ) तक जाती है।

इस रास्ते पर करीब 20 से 25 गांव के लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं और दो इंटर कॉलेज भी है मुख्य सड़क पर जंगली झाड़ियों और पेड़ों का कब्जा हो गया है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई गई थी, लेकिन अब इसकी हालत बदतर हो गई है। लगभग 1 किलोमीटर लंबाई तक सड़क के दोनों ओर झाड़ियां इतनी अधिक फैल गई हैं कि बाइक सवारों को सिर झुकाकर निकलना पड़ रहा है, वहीं बड़ी गाड़ियों के लिए रास्ता पूरी तरह बाधित हो चुका है।

स्थानीय निवासी राकेश यादव ने बताया कि इस रास्ते से उमरिया, भेड़वा, ऐलिया माता मरही मंदिर और दोफड़ा की ओर जाने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क के ऊपर झुकी झाड़ियों के कारण छोटे वाहन तो किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन बड़ी गाड़ियों का आना-जाना पूरी तरह रुक गया है।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब करीब चार दिन पहले एक बड़ा जंगली पेड़ टूटकर सड़क के बीचोंबीच झुक गया, जिससे खतरा और मुसीबत बढ़ गया है। 

उमरिया निवासी रीता देवी ने कहा कि "सड़क के किनारे की कंटीली झाड़ियां राहगीरों को घायल कर रही हैं। कई वर्षों से इनकी छंटाई नहीं हुई है।" उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन यह गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

कैथोलिया के चंद्रमणि ने बताया कि "सड़क के बीच लटका कांटों से भरा पेड़ लोगों को सिर झुकाकर निकलने को मजबूर कर रहा है। यह खासकर रात में और भी खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि अंधेरे में झाड़ियां और पेड़ दिखाई नहीं देते, जिससे लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द कटाई-छंटाई का कार्य करवाए।

स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि सड़क पर फैली झाड़ियों और पेड़ों की तत्काल छंटाई कराई जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
Previous Post Next Post