तेज हवाओं से टूटा खंभा, बेनीपुर-अतरपालिया सहित कई गांवों में अंधेरा


बस्ती। कलवारी उपकेंद्र से जुड़ा बेनीपुर, अतरपालिया और भोयर समेत आसपास के गांव रविवार दोपहर से अंधेरे में डूबे हुए हैं। रविवार दिन में करीब 3 बजे अचानक चली तेज हवाओं से एक पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर गया। पेड़ की टक्कर से खंभा टूट गया और बिजली की सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई।

गांव के निवासी राम दिन ने बताया कि पेड़ गिरने से तार जमीन पर आ गिरे, जिससे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई है। वहीं हरि ओम ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बाद टीम मौके पर पहुंची और आश्वासन दिया गया है कि कल तक नया खंभा लगाकर सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

खंभा टूटने और तार गिरने से जहां ग्रामीणों के घरों में अंधेरा छाया है, वहीं किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। खेतों में धान की फसल की सिंचाई बाधित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार आंधी-पानी के बाद बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है और कई-कई घंटे अंधेरे में रहना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द नया खंभा लगाकर आपूर्ति चालू की जाए। साथ ही विभाग को ऐसी स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे बार-बार ग्रामीणों को इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस घटना से बेनीपुर, अतरपालिया, भोयर और आसपास के गांवों में रविवार रात अंधेरे में गुजरी और अब ग्रामीणों की निगाहें विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
Previous Post Next Post