बस्ती। जिले के बहादुरपुर ब्लॉक के शेखपुरा गाँव में दुर्गापूजा की तैयारियों के बीच एक विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव शिव शंकर चौधरी ने कार्यक्रम में सहयोग माँगने पर कॉल करने वाले ग्रामीण के साथ जातिगत और धार्मिक टिप्पणी कर अपमानित किया।
ग्रामीण प्रतिनिधि राम कृष्ण पटेल ने बताया कि उन्होंने सचिव से दुर्गापूजा आयोजन में सहयोग के लिए संपर्क किया था। पहली कॉल में सचिव ने न केवल तिथि को नकारा, बल्कि यह भी कह दिया कि “आपके हिंदू होने पर संदेह है।” इसके बाद उन्होंने कॉल काट दिया।
राम कृष्ण पटेल के अनुसार, जब उन्होंने दुबारा सही तिथि बताते हुए पुनः कॉल किया, तो सचिव ने कहा, “आप पटेल नहीं चौधरी हैं, दोनों एक ही हैं” और सहयोग की बात टालते हुए अभद्र टिप्पणी करके फोन काट दिया।
इस घटना से गाँव में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं बल्कि हिंदू धर्म और बहुसंख्यक कुर्मी समाज की भावनाओं का भी अपमान है। ग्रामीणों ने सचिव को तत्काल निलंबित करने की माँग की है।
गाँव के मंदिर पुजारी आशाराम पाण्डेय ने कहा, “दुर्गापूजा हमारी आस्था और परंपरा का उत्सव है। इसमें जाति या धर्म का सवाल उठाना अनुचित है। सचिव जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को सबको जोड़ने का काम करना चाहिए, न कि अपमानित करने का। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
इस दौरान बाल कृष्ण पटेल, मनोज चौधरी, राम बक्स चौधरी, सूर्यप्रकाश चौधरी, अमित पटेल, विनोद पटेल, अभिषेक चौधरी, शत्रुघ्न चौधरी, राहुल चौधरी, जोखू राम, जयप्रकाश, सत्य प्रकाश और शिव कुमार पांडेय सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने जिला अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को शिकायत के साथ कॉल रिकॉर्डिंग भेजकर मामले से अवगत कराया है और मांग की है कि दुर्गापूजा जैसे सार्वजनिक आयोजन में सहयोग सुनिश्चित किया जाए और जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की जाए।
Tags
बस्ती