बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड की शेखपुरा पंचायत स्थित हनुमान मंदिर में 2 अक्टूबर को होने वाले विशाल भंडारे और अखंड हरिकीर्तन की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। रविवार को मंदिर प्रांगण में आयोजित विशेष बैठक में ग्रामीणों ने कार्यक्रम की रूपरेखा तय की और सर्वसम्मति से आयोजन समिति का गठन किया।
बैठक में तय हुआ कि कार्यक्रम के दौरान 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन आयोजित होगा और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे व प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए साउंड, लाइट, टेंट, बावर्ची और स्थल की साफ-सफाई जैसे कार्यों की जिम्मेदारियाँ भी बांटी गईं।
बैठक में समिति का गठन करते हुए आशाराम पांडेय और जियालाल अग्रहरि को संरक्षक, अमरनाथ चौधरी को अध्यक्ष, कृष्ण मुरारी अग्रहरि को उपाध्यक्ष, विनोद पांडेय को महासचिव और बालकृष्ण पटेल को कोषाध्यक्ष चुना गया। युवा समिति की जिम्मेदारी राम कुमार अग्रहरि, दिलीप कुमार और अरविंद पांडेय को दी गई, जबकि स्वयं सेवक दल में राम कृष्ण पटेल, दीपक, प्रदीप, जयप्रकाश, करन और विजय शंकर, अभिषेक चौधरी सहित दस लोगों को शामिल किया गया।
गांव के लोगों ने विश्वास जताया कि सामूहिक सहयोग से यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगा बल्कि सामाजिक एकता और मेलजोल को भी नई दिशा देगा। अध्यक्ष अमरनाथ चौधरी ने कहा कि “ग्रामीण तन, मन और धन से सहयोग कर रहे हैं, निश्चित रूप से यह आयोजन सफल और ऐतिहासिक होगा।”
Tags
बस्ती