वैष्णोपुर पंचायत में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, दोपहर तक 200 से अधिक ग्रामीणों ने कराया उपचार — विधायक दूधराम ने दी दीपावली की शुभकामनाएं


क्षेत्रवासियों को संबोधित करते विधायक दूधराम 

बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड के वैष्णोपुर पंचायत सचिवालय में रविवार को आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी और जिला चिकित्सालय बस्ती के सहयोग से आयोजित इस शिविर में दोपहर तक 200 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच और उपचार कराया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में महादेवा विधानसभा के विधायक दूधराम और विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी शेर अफगन खान उपस्थित रहे। विधायक दूधराम ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर न केवल लोगों को सुलभ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते हैं बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। यह एक सराहनीय पहल है।” उन्होंने दीपावली के अवसर पर सभी ग्रामीणों, महिलाओं और बहनों को शुभकामनाएं भी दीं और स्वस्थ रहने की अपील की।

शिविर में एलोपैथी और आयुर्वेद पद्धति के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच की और मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। मोबाइल मेडिकल यूनिट से डॉ. देवांशु चौधरी, अमित मणि पाण्डेय, रत्नेश मणि त्रिपाठी, शिव कुमार और अमित कुमार वर्मा मौजूद रहे। आयुर्वेदिक टीम की ओर से डॉ. संजय वर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से डॉ. ए. पी. सिंह और डॉ. निधि शुक्ला, मेडिकल ऑफिसर के रूप में शामिल रहीं।

ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के संस्थापक सदस्य राम कृष्ण पटेल ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ इलाज कराना नहीं, बल्कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में सीमा गौतम, निशा गौतम, सचिन गुप्ता, जयदीप कुमार, अभिषेक यादव, अब्दुर रहीम, सचिन अग्रहरि, जय प्रकाश, बाल कृष्ण पटेल, दीपक कुमार और दिलीप कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुप्ता ट्रैक्टर पार्ट्स/गैरेज और शिव मेडिकल स्टोर, चमनगंज (कलवारी) ने पब्लिसिटी पार्टनर के रूप में सहयोग किया।

संयोजक और ग्राम प्रधान किशोर कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों का अभूतपूर्व सहयोग मिला। अमरेंद्र यादव ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। संस्था ने आगामी महीनों में अन्य पंचायतों में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाने की घोषणा की।

मरीजों का उपचार करते डॉक्टर्स



Previous Post Next Post