| पावर हाउस के सामने अवैध अतिक्रमण |
By दिलीप कुमार
बस्ती। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) पर कलवारी पावर हाउस के सामने अवैध अतिक्रमण और नाले की जल निकासी बाधित होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम बेलवाडांड़ निवासी दीपक कुमार ने इस मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) बस्ती कार्यालय, जिला प्रशासन बस्ती सहित कई उच्चाधिकारियों को औपचारिक शिकायत भेजी है। शिकायत में विभागीय कर्मचारियों पर मिलीभगत का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
पत्र में कहा गया है कि कलवारी विद्युत उपकेंद्र के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे हाईवे की जमीन पर कई अवैध गुमटियां और दुकानें खड़ी कर दी गई हैं। इन अतिक्रमणों के कारण नाले का प्राकृतिक बहाव रुक गया है, जिससे बरसात के दिनों में पावर हाउस परिसर में पानी भर जाता है। इससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है और आसपास के इलाके में रहने वाले हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नाले की निकासी बाधित होने से सड़क और आसपास के क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति भी बन जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन अवैध अतिक्रमणों को हटाने के बजाय विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से यह कब्जा लगातार बना हुआ है। आरोप है कि कुछ कर्मचारी व्यक्तिगत लाभ के लिए अतिक्रमणकारियों को संरक्षण दे रहे हैं। यह न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
शिकायत की प्रति जिला अधिकारी बस्ती, मुख्य सतर्कता अधिकारी (UPPCL लखनऊ) और मुख्य महाप्रबंधक (NHAI मुख्यालय नई दिल्ली) को भी भेजी गई है। शिकायतकर्ता दीपक कुमार ने कहा कि यह मामला सिर्फ अतिक्रमण का नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और लापरवाही का भी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने भी अवैध कब्जों को लेकर नाराजगी जताई है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पावर हाउस के सामने जलभराव की समस्या वर्षों से बनी हुई है और अब समय आ गया है कि प्रशासन इस पर सख्त कदम उठाए।
Tags
बस्ती