शेखपुरा पंचायत भवन पर सफाई उपकरणों की पूजा, निरोगी ग्राम की की गई कामना

दिलीप कुमार | बस्ती | 19 अक्टूबर 2025

बस्ती। विकास खंड बहादुरपुर के ग्राम पंचायत शेखपुरा के पंचायत भवन परिसर में रविवार को सफाई उपकरणों की पूजा-अर्चना की गई। भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सभी ने सुख, समृद्धि और निरोग जीवन की मंगल कामना की। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने स्वच्छता को स्वास्थ्य और समृद्धि का आधार बताया।

सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत भवन पर गांव में किए गए सफाई कार्य के बाद सफाई उपकरणों को साबुन और शैंपू से धुलकर विधि-विधान से पूजा गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल रहा। पूजा के बाद दीप जलाकर उपस्थित लोगों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया और सभी ने प्रसाद एवं मिठाई ग्रहण की।

प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी ने कहा, “स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों का कार्य नहीं, बल्कि यह पूरे गांव की जिम्मेदारी है। जब गांव स्वच्छ होगा तो स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।” पंचायत सहायक रंजू पटेल ने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही निरोगी जीवन का आधार है।

इस अवसर पर सफाई कर्मी दिनेश कुमार, रामलौट पांडेय, शिव प्रसाद, केयर टेकर मीरा देवी, अख्तरून निशा, दुर्गावती सहित तमाम ग्रामीण महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और संकल्प लिया कि गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभाएगा।
Previous Post Next Post