सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने किया डारीडीहा ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण



बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सार्थक अग्रवाल ने शुक्रवार को डारीडीहा ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, अमृत वन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तथा मनरेगा के तहत कराए गए चकबंदी, सड़क, तालाब और नहरों के कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों का प्रत्यक्ष रूप से मूल्यांकन किया और उपस्थित ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त किया।सीडीओ अग्रवाल ने ग्राम प्रधान सुनील चौधरी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयास ग्रामीण विकास के आदर्श उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह की योजनाएं और कार्यप्रणालियां जिले के अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती हैं।

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी घीमम प्रसाद, एडीओ पंचायत अवधेश प्रसाद, पंचायत सचिव राघुवेंद्र सिंह, तकनीकी सहायक दुर्गेश चतुर्वेदी, सीई प्रशांत कुमार सहित ग्राम पंचायत के कई कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सीडीओ को बताया कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गति संतोषजनक रही है और योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।

सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे किए जाएं ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता को मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Previous Post Next Post