दिलीप कुमार | बस्ती | 18 अक्टूबर, 2025
बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड के वैष्णोपुर पंचायत सचिवालय में रविवार को ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी और जिला चिकित्सालय बस्ती के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर रविवार सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें एलोपैथी और आयुर्वेद पद्धति के विशेषज्ञ डॉक्टर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, परामर्श और निःशुल्क दवा देंगे।
इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बीमारियों की समय पर पहचान करना और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचाना है। आयोजन ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी, बेलवाडाड़ द्वारा किया जा रहा है, जबकि स्वास्थ्य विभाग डॉक्टरों की टीम और दवाएं उपलब्ध कराएगा। गुप्ता ट्रैक्टर पार्ट्स/गैरेज और शिव मेडिकल स्टोर, चमनगंज (कलवारी) इस कार्यक्रम में मार्केटिंग व पब्लिसिटी पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहे हैं।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में महादेवा विधानसभा के विधायक दूधराम उपस्थित रहेंगे, जबकि समाजसेवी शेर अफगन खान विशिष्ट अतिथि होंगे। वैष्णोपुर पंचायत के ग्राम प्रधान किशोर कुमार ने इस पहल के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
शिविर में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के सदस्य और स्वयंसेवक पिछले कई दिनों से घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। प्रचार गाड़ियों के माध्यम से भी ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
संस्था के संस्थापक सदस्य राम कृष्ण पटेल ने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ इलाज कराना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है। हम चाहते हैं कि कोई भी ग्रामीण इस सुविधा से वंचित न रहे।”
अभिषेक यादव, अब्दुर रहीम, सचिन अग्रहरि, जय प्रकाश, दीपक कुमार और दिलीप कुमार ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। आयोजन समिति ने सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और परामर्श प्राप्त करें।
Tags
बस्ती