फूलपुर के आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर इमारत बनी बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा, पुनर्निर्माण की मांग



दिलीप कुमार | बहादुरपुर, बस्ती | 26 अक्टूबर, 2025

बस्ती। विकासखंड बहादुरपुर के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय फूलपुर परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की इमारत जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है। केंद्र की दीवारें और छज्जे टूट चुके हैं, जबकि लिंटर गिरने की कगार पर है। तीन वर्ष पूर्व केंद्र का आगे का आधा हिस्सा गिर गया था, लेकिन अब तक उसका पुनर्निर्माण नहीं कराया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा देवी ने बताया कि केंद्र की खतरनाक स्थिति की सूचना बार-बार विभाग को दी गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने केंद्र के पुनर्निर्माण की मांग की है ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

फिलहाल इस केंद्र में 27 बच्चों का नामांकन है। ये बच्चे हर दिन इसी खतरनाक भवन में बैठकर अध्ययन करते हैं। न तो बैठने की कोई उचित व्यवस्था है और न ही खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण की।

अभिभावक बालमुकुंद उपाध्याय, जो अपने साढ़े तीन वर्षीय पुत्र रुद्र प्रताप के लिए राशन लेने आए थे, ने बताया कि “केंद्र की हालत देखकर मैं भयभीत हो गया। यहां बच्चे बैठेंगे तो उनकी जान खतरे में है।” उन्होंने इस संबंध में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

स्थानीय निवासी सुरेंद्र पाल ने कहा कि “केंद्र की हालत इतनी खराब है कि समूह सखी ममता पांडेय को राशन अपने घर पर रखना पड़ता है ताकि वह खराब या गायब न हो जाए।”

केंद्र की दीवारों में दरारें हैं, छज्जा टूट चुका है और दरवाजे गायब हैं। पूरे परिसर में अव्यवस्था का आलम है। ग्रामीणों ने जिला कार्यक्रम अधिकारी और बाल विकास विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि फूलपुर आंगनबाड़ी केंद्र का पुनर्निर्माण कराया जा सके।

इस मामले में बाल विकास परियोजना अधिकारी, बहादुरपुर का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
Previous Post Next Post