घायल गाय का करवाया गया इलाज, गांव वालों ने दिखाई इंसानियत

दिलीप कुमार। बस्ती। 1 नम्बर 2025

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के बेलवाडांड गांव में एक घायल गाय को देखकर ग्रामीणों ने इंसानियत की मिसाल पेश की। गांव के लोगों ने बताया कि यह गाय कल से सड़क किनारे गिरी पड़ी थी और उठ नहीं पा रही थी। सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों ने जब गाय को उसी हालत में देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी ट्री इनिशिएटिव सोसाइटी के मैनेजर दीपक कुमार को दी।

दीपक कुमार ने तत्काल कलवारी पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क किया, जिन्होंने मौके पर इलाज के लिए अरविंद, पशुधन प्रसार अधिकारी का नंबर उपलब्ध कराया। जानकारी मिलते ही अरविंद मौके पर पहुंचे और गाय का प्राथमिक इलाज किया। उन्होंने बताया कि गाय का पैर टूट गया है, जिसके कारण वह खड़ी नहीं हो पा रही थी। डॉक्टर ने गाय को दर्द की दवा दी और कहा कि आगे का उपचार निरंतर रूप से होना जरूरी है।

गांव के युवा अभिषेक और आकाश ने भी मौके पर पहुंचकर गाय की देखभाल में मदद की। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गाय को तीन सांड बार-बार परेशान कर रहे थे, जिससे उसका पैर टूट गया।

पशुधन प्रसार अधिकारी ने ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि बीडीओ बहादुरपुर को सूचना देकर कैटल कैचर बुलाया जाए, ताकि गाय को सुरक्षित गौशाला भेजा जा सके और उसका नियमित उपचार हो सके।

ग्रामीणों की इस त्वरित पहल से एक बार फिर यह साबित हुआ कि आज भी गांवों में इंसानियत और पशु प्रेम जिंदा है।
Previous Post Next Post