बहादुरपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल पशु आरोग्य मेला — 285 पशुओं का हुआ पंजीकरण, दी गई चिकित्सा सेवाएं

दिलीप कुमार । बस्ती । 01 नवंबर 2025

बस्ती जिले के विकास खंड बहादुरपुर अंतर्गत न्याय पंचायत कनेला ग्राम पंचायत पड़री में आज पंडित दीनदयाल पशु आरोग्य मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना था। मेले में कुल 285 पशुओं का पंजीकरण किया गया, जिनमें 190 बड़े और 95 छोटे पशु शामिल थे। इन सभी पशुओं को सामान्य चिकित्सा, कृमिनाशक दवा पान, शल्य चिकित्सा, गर्भ परीक्षण तथा बांझपन उपचार जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं।

इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी बहादुरपुर डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य से संबंधित आधुनिक जानकारी देना है ताकि वे अपने पशुओं की देखभाल बेहतर ढंग से कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा श्री प्रेम प्रकाश चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पड़री श्री सुनील चौधरी ने सहभागिता की।

इसके अलावा कार्यक्रम में डॉ. फज़ील खान (पशु चिकित्साधिकारी कुदरहा), पशुधन प्रसार अधिकारी शिवदास, विजय कुमार, अरविंद कुमार, पैरावेट गिरजेश कुमार सिंह, छत्रपाल यादव, सुदामा दुबे, जगदम्बा यादव एवं राममिलन सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय भूमिका रही।

मेले के दौरान ग्रामीणों ने पशु स्वास्थ्य के प्रति गहरी रुचि दिखाई। पशु चिकित्सकों की टीम ने लोगों को पशुओं में बीमारियों की रोकथाम, संतुलित आहार, टीकाकरण और देखभाल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेले गांवों में नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि पशुपालन से जुड़े लोगों को समय-समय पर विशेषज्ञ परामर्श मिल सके।
Previous Post Next Post