कलवारी में भीषण सड़क हादसा: कोहरे ने मचाई तबाही — पाँच वाहन टकराए, पिकअप चालक गंभीर, डॉक्टर प्रभाकर चौधरी बाल–बाल बचे

दिलीप कुमार | बहादुरपुर | 12 दिसंबर 2025

कलवारी, बस्ती। जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घना कोहरा भयावह हादसा बनकर सामने आया। सुबह करीब 9 बजे लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर बेईली गांव के पास अचानक दृश्यता बेहद कम हो गई और एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण सड़क दुर्घटना में करीब पाँच वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे सभी वाहनों के परखचे उड़ गए और मौके पर अफरा–तफरी मच गई।

दुर्घटना के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रभाकर चौधरी अपनी क्रेटा कार से गुजर रहे थे। उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सौभाग्य से डॉक्टर प्रभाकर दुर्घटना में सुरक्षित बच गए।
वहीं पिकअप (UP 51 AT 7034) इस हादसे में बुरी तरह चपेट में आ गई। चालक मनीष कुमार (पुत्र रामकरण), निवासी बारी, थाना नगर बाजार अमोड़वा, बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप सड़क किनारे मुड़कर पूरी तरह टूट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत–बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घायल चालक को पिकअप के अंदर से निकालने में पुलिस व ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इसी बीच खबर मिलते ही रामजानकी मार्ग के देवदूत कहे जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी भी मौके पर पहुँचे। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव में हाथ बँटाते हुए घायल मनीष को पिकअप वाहन से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। पहले उसे कलवारी सीएचसी ले जाया गया, जहाँ हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी प्रयास के बाद हटवाया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इकट्ठा हो गए थे। फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

चश्मदीदों का कहना है कि कोहरे की वजह से वाहन चालक दूरी का अनुमान नहीं लगा सके और एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ते चले गए।
यह हादसा सर्दी के मौसम में कोहरे की वजह से आने वाले खतरों की गंभीर चेतावनी है।
Previous Post Next Post