NH-28 किनारे आबादी भूमि पर अवैध पट्टा और निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से की शिकायत

दिलीप कुमार | बहादुरपुर | 10 दिसंबर 2025

बस्ती। विकासखण्ड बहादुरपुर में पकड़ी छब्बर पंचायत अंतर्गत राजस्व ग्राम बेलवाडाड़ के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग–28 के किनारे स्थित सरकारी आबादी जमीन को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए जनसुनवाई पोर्टल के जरिए जिला प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह आबादी भूमि दशकों पहले तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति को अनाधिकृत रूप से पट्टा कर दी गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार उक्त जमीन सरकारी होने के बावजूद बाद में नियमविरुद्ध तरीके से बेच दी गई, जिसके बाद वहां अवैध निर्माण और कब्जा कर लिया गया। वर्तमान में इस जमीन पर गोपालचंद्र, भूपालचंद्र, लालचंद्र, हरिश्चंद्र, जयप्रकाश, ओमप्रकाश सहित कई लोगों का कब्जा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूरी प्रक्रिया में जालसाजी और भू-माफिया सक्रियता की आशंका है।

शिकायत में ग्रामीणों ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी यह आबादी जमीन गांव के विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हो सकती है, जैसे सार्वजनिक सुविधाएं, सामुदायिक भवन या अन्य जनहित कार्य। लेकिन अवैध कब्जे और निर्माण के कारण गांव को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीण जसवंत कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि वे आपसी विवाद नहीं बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और उसे गांव के समग्र विकास में उपयोग में लाने की मंशा से प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और बढ़ेंगे।

समस्त ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अनाधिकृत रूप से किए गए पट्टों की वैधता की जांच हो तथा जालसाजी और अवैध कब्जे में शामिल भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, आबादी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर ग्राम बेलवाडाड़ के विकास कार्यों के लिए सुरक्षित किया जाए।

ग्रामीणों की इस शिकायत के बाद अब प्रशासन की ओर से जांच शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Previous Post Next Post