दिलीप कुमार | बहादुरपुर | 12 दिसंबर 2025
बस्ती। जिले में घने कोहरे का दौर शुरू होते ही सड़क दुर्घटनाओं का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे समय में सड़क पर चलने वाले साइकिल चालकों की सुरक्षा सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। इसी चिंता को देखते हुए ‘देवदूत’ के नाम से पहचाने जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की है। उन्होंने साइकिल चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साइकिलों के पीछे रिफ्लेक्टर पट्टी लगवाने का जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिससे कोहरे में राह दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह अभियान राम जानकी मार्ग पर दुबौली दूबे गांव के पास शुरू किया गया, जहां डॉ. त्रिपाठी और उनकी टीम ने दर्जनों साइकिलों पर रिफ्लेक्टर पट्टियाँ लगाईं। टीम ने साइकिल चालकों को समझाते हुए बताया कि कोहरे के समय दृश्यता काफी कम हो जाती है, ऐसे में पीछे से आने वाले वाहन अक्सर साइकिलों को नहीं देख पाते और हादसे हो जाते हैं। रिफ्लेक्टर पट्टी से प्रकाश पड़ते ही दूर से ही साइकिल साफ दिखाई देती है और टक्कर की संभावना काफी कम हो जाती है।
अभियान में शामिल लोगों ने इस पहल की खूब सराहना की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाते हैं। ग्रामीणों का कहना था कि अगर हर जगह ऐसे जागरूकता प्रयास किए जाएं तो दुर्घटनाओं में बड़ी कमी लाई जा सकती है। डॉ. प्रेम त्रिपाठी की यह मुहिम न केवल साइकिल चालकों की सुरक्षा बढ़ाएगी, बल्कि समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का एक सकारात्मक संदेश देगी।