कोहरे में सतर्कता से ही सड़क हादसों पर लग सकता है अंकुश


बस्ती। ठंड के मौसम में घना कोहरा सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में यदि वाहन चालक सावधानी और संयम से वाहन चलाएं, तो हादसों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। यह बातें सड़क सुरक्षा प्रहरी जनपद के गुड सेमेरिटन, ‘हाईवे देवदूत’ के नाम से चर्चित प्रमोद ओझा ने शनिवार को कप्तानगंज चौराहे पर आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के दौरान कही।
इस दौरान प्रमोद ओझा ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, स्कूली वाहनों और मालवाहक गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाए और वाहन चालकों को कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रहे हैं और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर कई जिंदगियां भी बचा चुके हैं।
शनिवार को चलाए गए अभियान में हाईवे देवदूत प्रमोद ओझा के साथ एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम भी मौजूद रही। इस अवसर पर वाहन चालकों से अपील की गई कि कोहरे में वाहन चलाते समय शीशा थोड़ा खुला रखें, जिससे शीशे पर भाप न जमे। भाप जमने से सामने का रास्ता साफ नजर नहीं आता और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि कोहरे में ओवरटेक करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। अक्सर देखा जाता है कि चालक लेन का पालन नहीं करते, जिससे अचानक ओवरटेक के दौरान पीछे से आ रहा वाहन टकरा जाता है। इसलिए कोहरे में ओवरटेक से बचना चाहिए और यदि अत्यंत आवश्यक हो, तो पूरी सतर्कता के साथ ही करें।
प्रमोद ओझा ने जोर देते हुए कहा कि कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग का सबसे अहम नियम धीमी गति से वाहन चलाना है। कम रफ्तार होने पर अचानक सामने आने वाले वाहन या अवरोध पर समय रहते ब्रेक लगाया जा सकता है। उन्होंने अनावश्यक रूप से कोहरे में वाहन चलाने से बचने की सलाह दी और कहा कि मजबूरी में निकलना पड़े तो एसी का प्रयोग न करें, बल्कि हल्का हीटर चलाकर उसकी हवा विंडस्क्रीन की ओर रखें, ताकि शीशे पर भाप न जमे।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वाहन की खिड़की का शीशा थोड़ा खुला रखें, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों की आवाज सुनाई देती रहे। कांच साफ करते समय हाथ की बजाय सूखे और साफ सूती कपड़े का ही प्रयोग करें। कोहरे के दौरान हेडलाइट लो बीम पर रखें और यदि दिन में भी कोहरा हो, तो हेडलाइट ऑन करके ही वाहन चलाएं।
सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने निजी वाहनों के पीछे लाल रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप लगाने और व्यावसायिक वाहनों पर आगे सफेद तथा पीछे लाल रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की, जो कोहरे में अन्य वाहनों को दूर से दिखाई देने में मददगार साबित होते हैं।
Previous Post Next Post