दिलीप कुमार | बहादुरपुर बस्ती | 26 दिसंबर 2025
विकासखंड बहादुरपुर के भेलवल ग्राम पंचायत में शुक्रवार को हिंदू संगठनों और स्थानीय युवाओं ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश सरकार और मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में बढ़ते हमलों और विशेष रूप से दीपू दास की निर्मम हत्या को इस विरोध का प्रमुख कारण बताया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भेलवल ग्राम सभा के युवा नेता राजू दास ने किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उनके धार्मिक स्थलों, घरों और जीवन पर हमले हो रहे हैं, जो मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। दीपू दास की हत्या ने हिंदू समाज को गहरे रूप से झकझोर दिया है और अब इस पर चुप्पी साधे रखना संभव नहीं है।
पुतला दहन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह, शंभू सिंह, दयाभान सिंह, विजय भान सिंह (मंडल अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी), धीरेंद्र सिंह, विशाल सिंह, मनीष सिंह, माता प्रसाद तिवारी, अरविंद तिवारी, विजय सिंह, आदर्श सिंह, पवन, अंशु, हर्षित, सत्यम, शुभम, उपेंद्र सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, युवा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से अपील की कि वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि वहां रह रहे हिंदुओं को सुरक्षा और न्याय मिल सके। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अत्याचार नहीं रुके तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि बांग्लादेश में हो रही घटनाओं को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
Tags
बस्ती