दिलीप कुमार | बहादुरपुर बस्ती | 24दिसंबर 2028
चकदहा क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई, जिसने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब साइकिल सवार जियालाल पुत्र गणेशी अपने घर से कलवारी की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार किशन कुमार पुत्र राम नरेश, उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी ग्राम मरवटिया, थाना पुरानी बस्ती, गायघाट से अपने घर मरवटिया की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों के द्वारा बताया जा रहा है कि किशन कुमार नशे की हालत में बाइक चला रहा था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे साइकिल सवार को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल सवार जियालाल सड़क पर गिर पड़े , जबकि बाइक सवार किशन कुमार भी हादसे में चोटिल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत एम्बुलेंस बुलवाई और घायल बाइक सवार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी भेजा। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार हुआ ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने साइकिल सवार जियालाल का पक्ष जानने और घटना की निष्पक्ष जांच के लिए उन्हें थाने ले गई ।
Tags
बस्ती