बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ेबन चौकी के पास एक नाले में 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान मड़वानगर निवासी संदीप गौड़ (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि संदीप गौड़ 21 दिसंबर को दिन में करीब 11 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं तो परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
छह दिन बाद नाले में शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए। पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Tags
बस्ती