NH-28 किनारे ठंड में रह रहे अज्ञात व्यक्ति की 112 पर दी सूचना, पुलिस ने की पूछताछ

दिलीप कुमार | कलवारी | बस्ती 9 दिसंबर 2025

कलवारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-28 के किनारे नाले के ऊपर पिछले कई महीनों से खुले आसमान के नीचे रह रहे एक व्यक्ति को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। कड़ाके की ठंड में बिना किसी आश्रय के पड़े रहने की जानकारी मंगलवार को 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह व्यक्ति करीब तीन महीने से इसी स्थान पर रह रहा है। न तो यह दिन में कहीं जाता है और न ही रात में। इसके पास बस इधर-उधर बिखरे कुछ कपड़े ही मौजूद हैं। पास के ओम ढाबा के संचालक ने बताया कि वह कभी-कभी खाने के लिए ढाबे तक पहुंच जाता है, जहां उसे भोजन उपलब्ध करा दिया जाता है।

मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि किसी व्यक्ति का इतने लंबे समय तक खुले में पड़े रहना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि उसकी पहचान की पुष्टि कर उसे उचित आश्रय मिले या उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया जाए।

स्थानीय लोगों फरहान, अब्दुर रहीम और प्रमोद अग्रहरि ने पूछताछ की तो व्यक्ति ने अपना नाम राकेश पुत्र रामदेव साह बताया और खुद को सिवान, बिहार का निवासी कहा। हालांकि वह अपनी वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से बताने में असमर्थ दिखा।

गैर-लाभकारी संस्था ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी ने ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए इस मामले की सूचना 112 पर दी। क्षेत्रीय गन्ना किसान प्रतिनिधि रामकृष्ण पटेल ने सबसे पहले इस व्यक्ति के लंबे समय से पड़े होने की जानकारी दी, जिसके बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी कलवारी थानाध्यक्ष को दी। घटनास्थल पर दुकानदार अब्बास सहित कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे बेसहारा व्यक्ति को तत्काल सुरक्षित आश्रय, भोजन और चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराई जाए।

स्थानीय निवासी मोहम्मद खुर्शीद और बेचन सोनकर ने बताया कि यह व्यक्ति पिछले तीन महीने से लगातार यहीं रह रहा है। सुबह के समय यह कभी-कभी चौराहे की ओर चला जाता है, जहां कुछ लोग उसे खाना खिला देते हैं और जरूरत पड़ने पर कपड़े भी दे देते हैं।
Previous Post Next Post