सिंगल यूज़ प्लास्टिक के रीयूज़ से स्वच्छता का संदेश, सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती हुए सम्मानित


बस्ती। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। आज जनपद बस्ती के जिला पंचायत राज अधिकारी धनश्याम सागर को ग्राम पंचायत शेखपुरा, विकास खंड बहादुरपुर में तैनात सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती द्वारा सिंगल यूज़ चिप्स के पेपर को रीयूज़ कर तैयार किया गया स्वच्छता का प्रतीक एक सुंदर फोटो फ्रेम भेंट किया गया। यह पहल न केवल रीयूज़ की महत्ता को दर्शाती है, बल्कि आमजन को प्लास्टिक कचरे के रचनात्मक उपयोग के लिए भी प्रेरित करती है।

जिला पंचायत राज अधिकारी धनश्याम सागर ने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक का रीयूज़ पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती की सोच और मेहनत की प्रशंसा करते हुए उन्हें अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे भी इसी तरह स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े कार्य करने के लिए उत्साहित किया।

इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के सलाहकार राजाशेर सिंह एवं विष्णुदेव नाथ तिवारी भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने सूरज चक्रवर्ती के प्रयास को स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर ऐसे कार्य ही स्वच्छता अभियान को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने अन्य पंचायतों और सफाई कर्मियों से भी इस प्रकार के नवाचार अपनाने की अपील की।

सम्मान प्राप्त करने के बाद सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती ने जिला पंचायत राज अधिकारी सहित स्वच्छ भारत मिशन के सलाहकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल कचरे का निस्तारण ही नहीं, बल्कि लोगों को यह संदेश देना है कि बेकार समझी जाने वाली चीज़ों को भी रचनात्मक तरीके से उपयोग में लाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और इसे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे प्रयासों से न सिर्फ पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित होगी। यह आयोजन स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनभागीदारी और नवाचार का एक सफल उदाहरण बनकर सामने आया।
Previous Post Next Post