दिलीप कुमार | कलवारी बस्ती | 1 जनवरी 2026
रुधौली। बजाज चीनी मिल रुधौली में संचालित शरदकालीन गन्ना बुवाई प्लांट का बृहस्पतिवार को गहन ऑडिट एवं निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण गेट एवं केंद्र स्तर पर ऑडिटर मनोज कुमार चंदेल द्वारा किया गया, जिसमें बस्ती जोन अंतर्गत आने वाले गन्ना क्रय केंद्र कुसौरा, करहली, गौशापुर सहित अन्य केंद्रों का स्थलीय सत्यापन किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य शरदकालीन गन्ना बुवाई से जुड़े प्लांटों की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान जोन प्रभारी जगबीर शाही तथा क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण सिंह भी मौजूद रहे। ऑडिटर मनोज कुमार चंदेल ने बुवाई प्लांट की मशीनों, बीज की उपलब्धता, बुवाई की गुणवत्ता, अभिलेखों के रख-रखाव एवं किसानों को दी जा रही तकनीकी सहायता की बारीकी से जांच की। ऑडिट प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और सभी बिंदुओं पर विस्तृत परीक्षण किया गया।
ऑडिटर ने निरीक्षण उपरांत बताया कि जांच के दौरान सभी बुवाई प्लांट निर्धारित मानकों के अनुरूप सही पाए गए हैं। कहीं भी कोई गंभीर खामी या अनियमितता सामने नहीं आई। उन्होंने प्लांट पर मौजूद कृषकों से संवाद करते हुए शरदकालीन गन्ना बुवाई के लाभों पर प्रकाश डाला और किसानों को अधिक से अधिक क्षेत्रफल में बुवाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शरदकालीन बुवाई से गन्ने की उत्पादकता बढ़ती है, जिससे किसानों की आय में भी वृद्धि होती है।
इस अवसर पर फील्ड सुपरवाइजर मदन मोहन पांडेय, लक्ष्मी उपाध्याय एवं बाल सिंधु पांडेय उर्फ गगन सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद किसानों में संतोष देखने को मिला और बुवाई कार्य को लेकर उत्साह का माहौल रहा। किसानों ने मिल प्रबंधन एवं निरीक्षण टीम द्वारा की गई व्यवस्था की सराहना करते हुए समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
Tags
बस्ती