उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिला को हफ्तों बाद भी नहीं मिला गैस रिफिल, जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

दिलीप कुमार | कलवारी | बस्ती।
सरकारी योजनाओं के दावों के बीच उज्ज्वला योजना की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कलवारी थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी उज्ज्वला योजना की लाभार्थी इंद्रावती देवी को गैस सिलेंडर रिफिल के लिए बुकिंग किए दस दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक सिलेंडर नहीं मिल सका है। मजबूर होकर महिला ने इस मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है।

इंद्रावती देवी ने बताया कि उन्होंने बीते साल 27 दिसंबर को अपने HP गैस कनेक्शन पर सिलेंडर रिफिल के लिए बुकिंग कराई थी, जिसका भुगतान भी उसी दिन कट गया। इसके बावजूद एजेंसी द्वारा अब तक उनके घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई। महिला का कहना है कि गैस न मिलने के कारण उन्हें फिर से चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।

महिला ने आरोप लगाया कि एजेंसी की ओर से होम डिलीवरी के नाम पर 50 रुपये अतिरिक्त मांगे जाते हैं, लेकिन अतिरिक्त राशि देने के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं पहुंचाया जाता। उन्होंने इसे एजेंसी की गंभीर लापरवाही और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी बताया।

इंद्रावती देवी ने कहा, “सरकार ने उज्ज्वला योजना गरीब महिलाओं के लिए शुरू की है, ताकि उन्हें धुएं से राहत मिल सके। लेकिन जब समय पर गैस ही नहीं मिलेगी तो योजना का क्या फायदा?”

इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ग्रामीण इलाकों में गैस एजेंसियां मनमानी कर रही हैं। न तो समय से रिफिल दिया जा रहा है और न ही नियमों के अनुसार होम डिलीवरी की जा रही है। अतिरिक्त पैसे वसूलना आम बात हो गई है।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण की तत्काल जांच कर दोषी गैस एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उज्ज्वला योजना का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंच सके।
Previous Post Next Post