ब्रेकिंग न्यूज़ | बस्ती
उत्तर प्रदेश के NH 28 पर अमिलहा गांव के पास तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। बस्ती की ओर से आ रहा एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
हादसे में 18 वर्षीय राजू, निवासी मालपुर (थाना कलवारी) गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और सीधे पोल से जा भिड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रेम त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
फिलहाल युवक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Tags
बस्ती