बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवाड़ाड़ गांव के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुसौरा बाजार से कलवारी की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त बाइक (UP 51 BD 2078) सड़क किनारे पड़ी मिली। बताया गया कि दोनों युवक कुसौरा बाजार से कलवारी की ओर जा रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया।
मृतक की पहचान रजनीश पांडेय (26) पुत्र दिव्य प्रकाश पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, निवासी ग्राम डिहुकपुरा, लालगंज के रूप में हुई है। वहीं घायल आकाश पांडेय (24) पुत्र हरिकेश पांडेय, निवासी अड़लिया, लालगंज बताया गया है।
पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रजनीश पांडेय को मृत घोषित कर दिया। घायल आकाश पांडेय को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। कलवारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।