ब्रेकिंग न्यूज़ | बस्ती
उत्तर प्रदेश के लुम्बिनी–दुद्धी मार्ग पर अमिलहा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। बस्ती की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
मृतक की पहचान 18 वर्षीय राजू, निवासी मालपुर (थाना कलवारी) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और सीधे पोल से जा भिड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रेम त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बस्ती भेज दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Tags
बस्ती