कालेश्वर नाथ मंदिर के जलाशय में ज़हर! सड़ांध के बीच तड़प-तड़पकर मरीं दर्जनों कुंतल मछलियां



जहरीले पानी से मंदिर परिसर के जलाशय में मछलियों की मौत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

15 फरवरी, 2025 | कलवारी, बस्ती

बस्ती जिले के कलवारी स्थित प्राचीन श्री कालेश्वर नाथ मंदिर परिसर में बने जलाशय में जहरीले और अत्यधिक प्रदूषित पानी के कारण दर्जनों कुंतल मछलियों की मौत हो गई है। बीते एक सप्ताह के भीतर करीब छह कुंतल मृत मछलियों को दफन किया जा चुका है, जबकि तालाब में बची मछलियां भी जीवन और मौत से जूझ रही हैं।

मंदिर परिसर में फैली गंदगी और सड़ांध से हालात भयावह हो गए हैं। मृत मछलियों को कौए और बगुले नोच रहे हैं, वहीं चारों ओर मक्खियों का झुंड मंडरा रहा है। जलाशय की बदबू के कारण श्रद्धालु अब वहां जाने से कतराने लगे हैं। महाशिवरात्रि जैसे पावन अवसरों पर जहां भक्त इस जलाशय के जल से आचमन किया करते थे, वहीं अब गंदगी के चलते लोग मुंह मोड़ने को मजबूर हैं।

मंदिर के पुजारी आचार्य संस्कार शास्त्री ने बताया कि उन्होंने मछलियों को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन प्रदूषित पानी के कारण वे सफल नहीं हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि स्थानीय पंचायत और प्रशासन समय रहते स्वच्छता और जलाशय की सफाई पर ध्यान देता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। पुजारी ने जलाशय की तत्काल सफाई कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर मामले में प्रशासनिक उदासीनता साफ नजर आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) स्तर से भी कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी बस्ती से संपर्क करने का प्रयास किया गया, हालांकि फोन किसी अन्य व्यक्ति ने रिसीव किया। संबंधित अधिकारी ने मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को देने और आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है। 

अब श्रद्धालु और स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं, ताकि जलाशय की सफाई हो सके और धार्मिक स्थल की पवित्रता बहाल की जा सके।
Previous Post Next Post