बस्ती में सोलर स्ट्रीट लाइट का वादा अधूरा, युवाओं में नाराज़गी तेज


बहादुरपुर, बस्ती 23 फरवरी 2026
बस्ती के बहादुरपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम मखदूमपुर में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का वादा महीनों बाद भी अधूरा पड़ा है। गांव निवासी अब्दुर रहीम ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2025 को लिखित आवेदन देने और कई बार मौखिक रूप से आग्रह करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अब्दुर रहीम के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शैलेन्द्र दुबे द्वारा आश्वासन तो दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि जब जनप्रतिनिधि युवाओं की मूलभूत समस्याओं को ही नजरअंदाज कर रहे हैं, तो युवाओं का विश्वास कैसे कायम रहेगा।

गांव के मुख्य रास्ते और गलियां रात में घोर अंधेरे में डूबे रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसान और अंधेरे रास्तों के कारण चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। महिलाएं, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से लगे बिजली के पोल पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाना कोई बड़ी चुनौती नहीं है, फिर भी प्रशासनिक उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

गांववासियों की मांग है कि जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन न दें, बल्कि गांव की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Previous Post Next Post