मखदूमपुर गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग, ग्रामीण ने बीडीओ को सौंपा मांग पत्र





 23 फरवरी, 2026 | बहादुरपुर, बस्ती
 बस्ती जिले के विकासखंड बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्मी बुजुर्ग के मखदूमपुर गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग उठी है। गांव निवासी अब्दुर रहीम खान ने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी को एक मांग पत्र लिखकर गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कराने की अपील की है।

 सोमवार को बीडीओ बहादुरपुर की ग़ैर मौजूदगी में एडीओ पंचायत को पत्र देकर कहा कि गांव की मुख्य सड़कों और आंतरिक गलियों में रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति असुरक्षित बनी रहती है।

 अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और असामाजिक गतिविधियों का भी खतरा बढ़ जाता है। अब्दुर रहीम खान ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर बिजली के खंभे पहले से लगे हुए हैं। यदि इन्हीं खंभों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं तो इससे अंधेरे की समस्या दूर होगी और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सोलर लाइट लगने से रात में आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जहरीले जीव-जंतुओं जैसे सांप-बिच्छुओं से होने वाले खतरे भी कम होंगे।

 गुलज़ार, इस्माइल खान, अरबाज़ और अंकित चौबे सहित तमाम स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सोलर स्ट्रीट लाइट न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि बिजली कटौती की स्थिति में भी रोशनी उपलब्ध कराती हैं। इससे गांव की मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।

 ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाती हैं तो यह पूरे गांव के लिए बड़ी राहत साबित होगी। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि विकासखंड स्तर से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और मखदूमपुर गांव को अंधेरे से मुक्ति मिलेगी।
Previous Post Next Post