बस्ती: कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के व्यापारी एवं उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएँ और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना व संचालन में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि जनपद में निवेश को प्रोत्साहन मिले और रोजगार के अवसर बढ़ें।
बैठक में विद्युत आपूर्ति, सड़क व जलनिकासी व्यवस्था, बैंक ऋण और सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद तथा वित्त पोषण सहायता योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर समयसीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक का संचालन उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेन्द्र यादव और उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप ने किया। इस अवसर पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एलडीएम आर.एन. मौर्या, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंह रैकवार, महासचिव एस.सी. शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे