रामजानकी मार्ग पर हादसा: डायल 112 पीआरबी वाहन की टक्कर से भट्ठा मजदूर गंभीर, जिला अस्पताल रेफर


 कलवारी थानाक्षेत्र के चकदहा में रामजानकी मार्ग पार करते समय एक ईंट-भट्ठा मजदूर डायल 112 की पीआरबी पुलिस गाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घायल की पहचान बोधराम (35) पुत्र ठेगनू के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सलया थानाक्षेत्र स्थित ग्राम छाता का निवासी है। वह अपनी पत्नी हेमकली और दो बच्चों के साथ चकदहा के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है।




प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोधराम सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार पीआरबी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और गिरने से सिर में गंभीर चोट आई।

मौके पर मौजूद पीआरबी टीम ने तुरंत बोधराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा कुदरहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना बोधराम के चाचा कैलाश ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पत्नी हेमकली अस्पताल पहुंची और उसे जिला अस्पताल ले गई। मौके पर एसआई गोपाल यादव, पीआरबी चालक अरविंद समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



Previous Post Next Post