चंदों ताल के जल की वैज्ञानिक जांच शुरू, केंद्रीय भूजल बोर्ड ने लिए नमूने; प्रधानमंत्री कार्यालय ने मांगी रिपोर्ट


 बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में स्थित चंदों ताल के पानी की गुणवत्ता को लेकर उठी चिंताओं पर अब केंद्र स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के संज्ञान के बाद केंद्रीय भूजल बोर्ड (लखनऊ) की वैज्ञानिक टीम ने मौके पर पहुंचकर भूजल और सतही जल के नमूने एकत्र किए।

बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के बहादुरपुर ब्लॉक अंतर्गत अठदमा गांव में लगभग 750 एकड़ क्षेत्र में फैला चंदों ताल आसपास के दर्जनों गांवों के लिए प्रमुख जल स्रोत है। स्थानीय लोग पेयजल के लिए हैंडपंप और अन्य स्रोतों पर निर्भर हैं, लेकिन हाल के समय में पानी की गुणवत्ता को लेकर शंकाएं बढ़ी हैं। ग्रामीणों ने त्वचा रोग, पेट संबंधी समस्याओं और अन्य जलजनित बीमारियों की शिकायतें बताई हैं।

मामले को गंभीर मानते हुए इंदिरा चैरिटेबल सोसाइटी के सीईओ अजय कुमार पांडे ने सीपीग्राम पोर्टल के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय को सुझाव पत्र भेजकर व्यापक जांच की मांग की थी। इसके बाद केंद्रीय भूजल बोर्ड को वैज्ञानिक परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जांच टीम ने अठदमा के इंडिया मार्का हैंडपंप सहित विभिन्न स्थानों से भूजल और सतही जल के नमूने एकत्र किए तथा वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप उन्हें परीक्षण के लिए सुरक्षित पैक किया। टीम ने क्षेत्रीय निवासियों से बातचीत कर स्वास्थ्य समस्याओं और वैकल्पिक जल स्रोतों की उपलब्धता की जानकारी भी ली।

वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पानी की गुणवत्ता सुरक्षित है या उसमें हानिकारक तत्व मौजूद हैं। यदि प्रदूषण की पुष्टि होती है, तो संबंधित विभाग आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएंगे।


Previous Post Next Post