दिलीप कुमार | कलवारी बस्ती |17 मार्च 2026
बस्ती। जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र में 25 फरवरी की रात मैरेज हाल के पास हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे वांछित आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। थाना कलवारी पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ दबोचा गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह डकही मोड़ के पास से करीब 29 वर्षीय विनीत उपाध्याय निवासी थाना नगर, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही मुकदमा संख्या 30/2026 धारा 191(2)/191(3)/115(2)/352/351(3)/109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि 25 फरवरी की रात बहादुरपुर क्षेत्र के NH-28 मार्ग पर बेइली गांव स्थित एक मैरेज हाल के पास पैसे के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी। पीड़ित शिखर सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विनीत, नवनीत और जुबेर सहित अन्य अज्ञात लोगों ने अवैध तमंचों से फायरिंग करते हुए हमला किया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे, जबकि छर्रा उनके पैर को छूता हुआ निकल गया था।
घटना के बाद पुलिस ने तीन नामजद और पांच-छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में मुख्य आरोपी विनीत उपाध्याय की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई में स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी शेषनाथ यादव समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
