12 घंटे से कुएं में फंसी नीलगाय, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

बस्ती।

जनपद बस्ती के कलवारी क्षेत्र के बाघौड़ा गांव में एक नीलगाय कुएं में गिर गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार नीलगाय के पैर टूटने की आशंका है और वह करीब 12 घंटे से कुएं में फंसी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका रेस्क्यू नहीं हो सका था।


ग्रामीण अरविंद ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारी सुनील गौड़ को समय रहते दे दी गई थी, बावजूद इसके मौके पर कोई राहत टीम नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।


नीलगाय को बचाने के लिए गांव के दर्जनों लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। रस्सियों और स्थानीय संसाधनों की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। मौके पर सुरेंद्र, राजेश, राम सहाय, आशू, अभिषेक चौधरी, आदर्श सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे और बचाव कार्य में जुटे रहे।


ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग की टीम पहुंच जाती तो घायल नीलगाय को सुरक्षित निकाला जा सकता था। लगातार कुएं में फंसे रहने से उसकी हालत बिगड़ती जा रही है।


घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू टीम भेजने और घायल वन्यजीव के इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Previous Post Next Post