कलवारी में गैस वितरण को लेकर हंगामा, उपभोक्ताओं ने ब्लैकिंग और अव्यवस्था का लगाया आरोप

 

सरला भारत गैस एजेंसी 

By- दिलीप कुमार 

कलवारी बस्ती | कलवारी  स्थित सरला भारत गैस एजेंसी पर गुरुवार को गैस वितरण को लेकर भारी अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। सुबह करीब 5 बजे से ही महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और अन्य उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े रहे, लेकिन देर शाम तक कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल सका। रात करीब 8 बजे तक एजेंसी परिसर के बाहर नाराज उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी रही।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई महिलाएं छोटे बच्चों को घर छोड़कर घंटों लाइन में खड़ी रहीं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि लंबे इंतजार के बावजूद उन्हें गैस नहीं दी गई, जबकि बाद में पहुंचे कुछ लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया।


अर्चना जायसवाल, राजा बाबू, प्रभाकर उपाध्याय और रंजीत चौहान सहित कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वे सुबह से लाइन में लगे थे, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिली। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया और एजेंसी के बाहर नारेबाजी शुरू हो गई।


मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। भीड़ का आरोप था कि एजेंसी परिसर के भीतर पुलिसकर्मी मौजूद थे और उनकी मौजूदगी में अतिरिक्त पैसे लेकर गैस की ब्लैकिंग की जा रही थी। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।


स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब गैस न मिलने से नाराज एक युवक राजू सोनी को पुलिस द्वारा वहां से हटाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि यदि कार्रवाई करनी है तो सभी उपभोक्ताओं की शिकायत सुनी जाए।



मामले पर कलवारी पुलिस का कहना है कि मौके पर केवल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।


स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपभोक्ताओं को पारदर्शी तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।


मौके पर मौजूद कलवारी पुलिस के उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया की हमे सुचना मिली और मौके पर आकर शांति व्यवस्था कायम किया गया |

Previous Post Next Post