भीषण गर्मी का असर: बहादुरपुर CHC में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और खांसी के मरीजों की बढ़ी भीड़

कलवारी, बस्ती।

भीषण गर्मी और बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। बस्ती जिले के कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में इन दिनों सर्दी, खांसी, पेट दर्द, उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।


अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान समय में ओपीडी में आने वाले लगभग 50 प्रतिशत मरीज पेट खराब, उल्टी-दस्त, पेट दर्द और वायरल संक्रमण जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन औसतन 70 से 80 मरीजों में आधे से अधिक इन बीमारियों से संबंधित इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं।


डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक घरेलू और हल्के खाद्य पदार्थों का सेवन करें। खीरा, ककड़ी, दही और तरल पदार्थ शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। उन्होंने गांवों में साफ-सफाई और हाइजीन बनाए रखने पर भी जोर दिया, क्योंकि गंदगी और दूषित पानी से पेट संबंधी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।

Previous Post Next Post