कलवारी, बस्ती।
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सरला भारत गैस एजेंसी परिसर से दिनदहाड़े सिलेंडर चोरी हो गया, जबकि मौके पर CCTV कैमरे भी लगे हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़री निवासी मदन चंद्र चौधरी ने बताया कि उनका भतीजा गुरु दास चौधरी गुरुवार को एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने पहुंचा था। उसने सिलेंडर साइकिल पर खड़ा किया और पर्ची कटवाने के लिए अंदर गया, लेकिन लौटने पर सिलेंडर गायब मिला।
घटना की सूचना पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को एजेंसी और कलवारी थाने में दी, साथ ही जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि एजेंसी में लगे CCTV कैमरे भी इस चोरी को पकड़ने में नाकाम रहे। बताया गया कि पूरा परिसर कैमरे की जद में नहीं है, जिससे चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पीड़ित मदन चंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि एजेंसी परिसर में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और एजेंसी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मामले में कलवारी पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन घटना ने साफ कर दिया है कि निगरानी व्यवस्था में बड़ी खामी मौजूद है।
