बहादुरपुर, बस्ती।
विकासखंड बहादुरपुर स्थित टीबी यूनिट के समय से पहले बंद हो जाने और भवन की जर्जर स्थिति को लेकर मरीजों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई बार दवा लेने पहुंचे मरीजों को यूनिट पर ताला लगा मिलता है, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं यूनिट की पुरानी बिल्डिंग भी अब खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच गई है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पवन कुमार वर्मा ने बताया कि वर्तमान में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय गहन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक समेत टीबी यूनिट के कई कर्मचारियों की ड्यूटी फील्ड कार्य में लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि “जिस समय टीबी यूनिट में स्टाफ मौजूद नहीं रहता, उस समय सुरक्षा कारणों से वहां ताला लगा दिया जाता है। ऐसे में मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर से अपनी दवाएं प्राप्त कर सकते हैं। यहां टीबी की दवाएं उपलब्ध हैं।”
डॉ. वर्मा ने यह भी बताया कि पुरानी टीबी यूनिट की बिल्डिंग काफी जर्जर और अव्यवस्थित हो चुकी है। इसी कारण आधुनिक उपकरणों से युक्त नई यूनिट को कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहादुरपुर में स्थापित कर दिया गया है और फिलहाल वहीं से संचालन किया जा रहा है।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीजों को नई व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी न होने से उन्हें भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से यूनिट के बाहर सूचना बोर्ड लगाने और मरीजों की सुविधा के लिए नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
बहादुरपुर की टीबी यूनिट पर ताला, मरीज परेशान; खंडहर बनी बिल्डिंग पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने दी प्रतिक्रिया।
byKhabar Wale
-
0
