बंद मकान में लाखों की चोरी, नकदी-जेवरात लेकर फरार चोर

 




नगर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दयालपुर निवासी सच्चिदानन्द पाण्डेय ने बताया कि वह 12 अप्रैल 2026 को अपने परिवार के साथ नोएडा-दिल्ली चले गए थे। घर पूरी तरह बंद था और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी गांव के ही छोटेलाल गुप्ता को दी गई थी, जो समय-समय पर दीपक जलाने के लिए घर आते थे।

बताया गया कि 1 मई की शाम जब छोटेलाल गुप्ता घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गए। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के पीछे की बाउंड्री का गेट टूटा हुआ था और सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे। सूचना मिलते ही परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

2 मई को जब पीड़ित परिवार दिल्ली से वापस लौटा, तो घर का सारा सामान बिखरा मिला। चोरों ने दो आलमारी, तीन बड़े बक्से, चार छोटे बक्से, दस ट्रॉली बैग और दीवान बेड के बॉक्स तोड़ दिए थे। घर में रखी साड़ियां, चांदी के बर्तन, चांदी की सुपारी, नारियल और मछली समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिया गया।

इसके अलावा चोर 40 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात भी ले गए। छोटे भाई के कमरे से भी सोने के झुमके, पांच अंगूठियां और चेन चोरी हो गई। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। चोर एलईडी टीवी, प्रेस, लगभग 50 किलो चावल और 60 किलो सरसों भी अपने साथ ले गए।

पीड़ित ने थाना नगर में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी के अनुसार तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।


Previous Post Next Post