हल्की बारिश में ही जलभराव, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी




दिलीप कुमार ।कलवारी बस्ती।
क्षेत्र में हल्की बारिश ने ही व्यवस्था की पोल खोल दी है। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर NH-28 पर जगह-जगह पानी जमा हो जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।

चमनगंज क्षेत्र में दुकान चलाने वाले अभिषेक यादव ने बताया कि जलभराव के कारण ग्राहकों की संख्या में कमी आ गई है। उन्होंने कहा कि लोग पानी भरे रास्तों से होकर दुकान पर आने से बचते हैं, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं, स्थानीय निवासी अब्दुर रहीम का कहना है कि NH-28 पर हल्की-फुल्की बारिश में ही पानी भर जाता है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

इसी कड़ी में सोनू साहू ने बताया कि बारिश के समय दुकान के सामने पानी भर जाने से ग्राहकों का आना लगभग बंद हो जाता है, जिससे रोज़ी-रोटी पर असर पड़ रहा है। परशु यादव ने कहा कि जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिखती, हर साल यही समस्या बनी रहती है लेकिन समाधान नहीं होता। वहीं प्रमोद यादव का कहना है कि सड़क पर भरे पानी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, कई बार लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

रास्ते से गुजर रहे भालचंद्र यादव ने बताया कि सड़क पर भरे पानी के कारण वाहन चालक अपनी गाड़ियों को उसमें ले जाने से कतराते हैं। ऐसे में सभी वाहन चालक एक ही सूखी जगह से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार दोपहिया वाहन फिसल जाते हैं, जिससे लोगों को चोट लगने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि व्यापार और यातायात दोनों सुचारू रूप से चल सकें।

 

Previous Post Next Post