दिलीप कुमार। कलवारी, बस्ती।
बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय के बाद झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज में दर्जनों छात्राओं ने प्रवेश लेकर सह-शिक्षा की दिशा में नई शुरुआत की है। अब तक क्षेत्र की कई लड़कियां विद्यालय में दाखिला लेकर नियमित पढ़ाई शुरू कर चुकी हैं।
यह बदलाव प्रशासनिक हस्तक्षेप और ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है, साथ ही ग्रामीण समाज की बदलती सोच भी इसमें अहम भूमिका निभा रही है। अभिभावकों का कहना है कि पहले बेटियों को प्रवेश न मिलने से निराशा थी, लेकिन अब समान अवसर मिलने से उत्साह का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, छात्राओं में पढ़ाई के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है और वे सह-शिक्षा को अपनाने के लिए आगे आ रही हैं। अभिभावकों ने यह भी बताया कि महंगे निजी स्कूलों के बजाय अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा की सुविधा मिलना उनके लिए राहत की बात है।
सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कुमार ने कहा कि यह पहल छोटे स्तर से शुरू हुई है, लेकिन इसका प्रभाव व्यापक होगा। यदि बेटियों को लगातार प्रोत्साहन मिलता रहा तो आने वाले समय में बड़ी संख्या में छात्राएं शिक्षा से जुड़ेंगी और क्षेत्र का शैक्षिक स्तर मजबूत होगा।
इसी क्रम में ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी ने सह-शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए “प्रबल कन्या छात्रवृत्ति कोष” की स्थापना की है। इसके तहत JLTRC इंटर कॉलेज में दाखिला लेकर पढ़ रही प्रत्येक कक्षा की टॉपर छात्रा को 10,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति देने की घोषणा की गई है। यह पहल संस्था के “शिक्षा सेतु” कार्यक्रम के अंतर्गत बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है।
दर्जनों छात्राओं का यह प्रवेश इस बात का संकेत है कि अवसर मिलने पर बेटियां भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
