कलवारी चौराहे पर जलभराव से हालात बदतर, राहगीर और व्यापारी परेशान




कलवारी बस्ती। राम जानकी मार्ग स्थित कलवारी चौराहा इन दिनों भीषण जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। हल्की बारिश के बाद ही मुख्य सड़कें तालाब में तब्दील हो जा रही हैं, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। यह मार्ग अयोध्या, बस्ती, अंबेडकर नगर और संतकबीरनगर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसके चलते यहां हर समय भारी यातायात बना रहता है।


सोमवार को हुई हल्की बारिश के बाद चौराहे के पूरब दिशा में घुटने तक पानी भर गया। हालात ऐसे हो गए कि पैदल राहगीरों को रास्ता पार करना मुश्किल हो गया, वहीं दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने का जोखिम उठा रहे हैं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।


जलभराव का असर स्थानीय व्यापार पर भी साफ दिख रहा है। कीचड़ और गंदगी के कारण ग्राहक बाजार आने से कतरा रहे हैं, जिससे दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, समस्या की मुख्य वजह नालियों की सफाई न होना और अतिक्रमण है। नालियां जगह-जगह बंद पड़ी हैं, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पाती और सड़क पर जमा हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायत भी की, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों का निर्माण व सफाई कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह परेशानी और विकराल रूप ले सकती है।

Previous Post Next Post