लिटिल फ्लावर हाई स्कूल कलवारी समेत बस्ती के पांच विद्यालयों की मान्यता समाप्त


 


दिलीप कुमार | कलवारी बस्ती |
बस्ती। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने प्रदेश के 70 जिलों के 465 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों की मान्यता समाप्त कर दी है। इस कार्रवाई की जद में बस्ती जिले के पांच विद्यालय भी आए हैं, जिनकी मान्यता नियमों के तहत स्वतः समाप्त मानी गई है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम-1921 के अध्याय-7 के नियम 11(ढ) के तहत की गई है। नियम के अनुसार यदि किसी विद्यालय में लगातार दो शैक्षणिक सत्रों तक छात्र संख्या शून्य रहती है और कोई छात्र बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित नहीं होता है, तो उसकी मान्यता स्वतः समाप्त हो जाती है।

आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 के दौरान संबंधित विद्यालयों में छात्र संख्या शून्य रही तथा किसी भी छात्र का बोर्ड परीक्षाओं में पंजीकरण नहीं हुआ। इसी आधार पर इन विद्यालयों की मान्यता समाप्त की गई है।

बस्ती जिले में जिन विद्यालयों की मान्यता समाप्त हुई है, उनमें शबनम एचएसएस बस्ती, लिटिल फ्लावर हाई स्कूल कलवारी, श्रीमती फूलमती विद्या एचएसएस शाहपुर, पीटी रजत राजन बालिका इंटर कॉलेज बस्ती तथा एलएम चौधरी सकलैन बालिका इंटर कॉलेज बस्ती शामिल हैं।

यूपी बोर्ड ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बस्ती को निर्देश दिए हैं कि अमान्य घोषित विद्यालयों की सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा इन विद्यालयों में नए प्रवेश पर रोक सुनिश्चित की जाए। यदि किसी छात्र का पंजीकरण इन विद्यालयों में पाया जाता है, तो उसके हितों की रक्षा के लिए उसे निकटवर्ती मान्यता प्राप्त विद्यालय में समायोजित किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से बच्चों का प्रवेश कराने से पहले संबंधित विद्यालय की मान्यता की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करने की अपील की है।



Previous Post Next Post